लखनऊ में बुलडोजर एक्शन पर बवाल, वकील ने चैंबर में फंदा लगाकर दी आत्महत्या की धमकी

  • 56 days ago
  • 309 views


लखनऊ में जिला कचहरी के पास अवैध चैंबर हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। बुलडोजर कार्रवाई के दौरान एक वकील ने खुद को चैंबर में बंद कर गले में फंदा डाल लिया और कार्रवाई रोकने की चेतावनी दी। मौके पर जमकर हंगामा हुआ और हालात संभालने के लिए पीएसी बुलानी पड़ी।

लखनऊ के कैसरबाग क्षेत्र स्थित जिला कचहरी परिसर के आसपास बने अवैध चैंबरों को हटाने के लिए रविवार सुबह नगर निगम की टीम बुलडोजर लेकर पहुंची। हाईकोर्ट के आदेश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत करीब 240 अवैध चैंबर हटाए जाने हैं।

कार्रवाई शुरू होते ही वकीलों में आक्रोश फैल गया। इस दौरान एक युवा वकील ने खुद को अपने चैंबर में बंद कर लिया और गले में फंदा डालकर धमकी दी कि यदि उसके चैंबर पर बुलडोजर चलाया गया तो वह आत्महत्या कर लेगा। बाहर खड़ी उसकी वकील बहन ने भी विरोध जताते हुए कार्रवाई होने पर भाई-बहन दोनों के आत्महत्या करने की चेतावनी दी।

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह चैंबर का दरवाजा तोड़कर वकील को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान वकीलों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया।

वकील “गो बैक” और “पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद” के नारे लगाते नजर आए। उनका कहना था कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए चैंबर हटाने से उनके कामकाज पर सीधा असर पड़ेगा।

प्रशासन का कहना है कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद पहले ही नोटिस जारी कर चैंबर हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अवैध निर्माण नहीं हटाए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। बढ़ते विरोध को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now