एक साथ उठीं 4 अर्थियां, नेवी जवान-पत्नी और 2 मासूम बच्चों की अंतिम विदाई से हर आंख नम

  • 58d Ago 286 Views


झुंझुनूं राजस्थान के झुंझुनूं जिले के ककराना गांव में मंगलवार को बेहद गमगीन माहौल रहा। भारतीय नौसेना के जवान पूरणमल मेहरा, उनकी पत्नी ओमा और दो मासूम बच्चों के शव पैतृक गांव पहुंचे, जिसके बाद एक साथ चार शवों की अंतिम विदाई हुई। जवान और उनकी पत्नी का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया, जबकि दोनों बच्चों को दफनाया गया।

बताया गया कि 30 वर्षीय पूरणमल मेहरा मुंबई के कोलाबा स्थित नेवी नगर के सरकारी आवास में मृत मिले थे। उनकी पत्नी ओमा और दोनों बच्चों के शव भी कमरे में मिले। परिवार को तीन दिनों से पूरणमल से फोन पर संपर्क नहीं हो पा रहा था। इसके बाद नौसेना अधिकारियों को सूचना दी गई और शनिवार रात परिवार को उनकी मौत की जानकारी मिली।

इस घटना को लेकर मौत की असली वजह अभी साफ नहीं हुई है। मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस हत्या, आत्महत्या, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पूरणमल वर्ष 2015 में नौसेना में भर्ती हुए थे और वर्ष 2020 में उनकी शादी ओमा से हुई थी। परिजनों के मुताबिक वह करीब 20 दिन की छुट्टी पर थे और कुछ दिन पहले ही परिवार से फोन पर बातचीत हुई थी। गांव में उनकी छवि मिलनसार और मददगार व्यक्ति की थी।

ककराना गांव में जब चारों शव पहुंचे तो हर तरफ मातम छा गया। नौसेना के जवान पूरणमल को अंतिम संस्कार से पहले गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और सेना की ओर से उनके पिता को तिरंगा सौंपा गया। छोटे भाई मुकेश कुमार ने उन्हें मुखाग्नि दी। एक साथ परिवार के चार सदस्यों की मौत से पूरा गांव सदमे में है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now