स्वीटी सुपारी परिवार की अनूठी पहल, स्व. सुरेश चन्द्र अग्रवाल की स्मृति में मेगा हेल्थ...
- 9h ago
पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद अब नई सरकार के गठन की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य में पहली बार भाजपा सरकार बनने जा रही है और मुख्यमंत्री के नाम को लेकर राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर है। जानकारी के मुताबिक, 9 मई को कोलकाता के प्रतिष्ठित ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें नए मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे।
इससे पहले 8 मई को दोपहर करीब 3 बजे भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इसी बैठक में विधायक दल का नेता चुना जाएगा, जो राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनेगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में केंद्रीय नेतृत्व की अहम भूमिका रहेगी और अंतिम मुहर भी वहीं लगेगी।
सरकार गठन की प्रक्रिया को लेकर भाजपा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। दोनों वरिष्ठ नेता कोलकाता पहुंचकर नव-निर्वाचित विधायकों के साथ बैठक करेंगे और मुख्यमंत्री के नाम पर सहमति बनाएंगे।
चुनाव नतीजों के बाद राज्य में हो रही हिंसक घटनाओं को लेकर भी हलचल बढ़ गई है। भाजपा प्रदेश नेतृत्व लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और केंद्रीय स्तर पर भी रिपोर्ट साझा की जा रही है।
बताया जा रहा है कि 9 मई की तारीख को खास महत्व को ध्यान में रखते हुए चुना गया है, क्योंकि इस दिन महान कवि रबींद्रनाथ टैगोर की जयंती होती है। ऐसे में शपथ ग्रहण समारोह को सांस्कृतिक रूप से भी खास बनाने की तैयारी है।
वहीं, चुनाव आयोग द्वारा विधानसभा गठन की अधिसूचना जारी किए जाने के बाद अब सरकार गठन का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। भाजपा ने इस चुनाव में 207 सीटों पर जीत दर्ज कर प्रचंड बहुमत हासिल किया है, जबकि तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों तक सिमट गई।
मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर अभी सस्पेंस बना हुआ है, लेकिन पार्टी पहले ही साफ कर चुकी है कि राज्य का नेतृत्व ऐसा व्यक्ति करेगा जो स्थानीय हो और बंगाल की भाषा व संस्कृति से जुड़ा हो। अब सबकी नजर 8 मई की बैठक पर टिकी है, जहां इस बड़े फैसले पर अंतिम मुहर लगेगी।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर