35 लाख की ज्वेलरी लूट के आरोपी नंगे पैर घुमाए गए, जयपुर पुलिस की परेड का VIDEO वायरल

  • 92d Ago 341 Views


राजस्थान की राजधानी जयपुर में 35 लाख रुपये की ज्वेलरी लूट के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों की पुलिस ने शिनाख्त परेड कराई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस सुरक्षा के बीच आरोपियों को नंगे पैर घटनास्थल के आसपास पैदल घुमाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और "जयपुर पुलिस जिंदाबाद" के नारे लगाते दिखाई दिए। वायरल वीडियो में आरोपी सिर झुकाए चलते और पुलिस से माफी मांगते भी नजर आ रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई की रात खोराबिसल इलाके के नांगल लाड़ी में बाइक से जा रहे ज्वेलर शंकरलाल शर्मा का रास्ता कार लगाकर रोका गया। इसके बाद बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला कर उनके दोनों हाथ फ्रैक्चर कर दिए और सिर व नाक पर गंभीर चोट पहुंचाई। आरोपी करीब 35 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 1.50 लाख रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए।

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय इनपुट के आधार पर कमलेश कुमार बाज्या, विशाल मीणा और अशोक उर्फ गोलू मीणा को गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक अन्य आरोपी जितेंद्र अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने वारदात से पहले कई दिनों तक ज्वेलर की रेकी की थी और पहचान छिपाने के लिए किराए की कार की नंबर प्लेट पर काला कपड़ा बांध दिया था। लूट के बाद गहनों को पिघलाकर उनकी पहचान मिटाने की भी कोशिश की गई।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now