यूपी में फिर चली तबादला एक्सप्रेस, 13 IAS अफसर इधर से उधर - गोरखपुर-बस्ती समेत 4 मंडलों के कमिश्नर बदले

  • 13 days ago
  • 333 views


उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 13 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस बदलाव में गोरखपुर, बस्ती, बरेली और प्रयागराज जैसे चार महत्वपूर्ण मंडलों के मंडलायुक्त बदल दिए गए हैं। इसके अलावा कई वरिष्ठ अधिकारियों को शासन और विभिन्न विभागों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सरकार की ओर से जारी तबादला सूची के मुताबिक इंद्र विक्रम सिंह को गोरखपुर का नया मंडलायुक्त बनाया गया है। वह अभी तक सचिव कृषि, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन के साथ राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

वहीं वैभव श्रीवास्तव को बस्ती मंडल का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। वह अभी तक पीसीडीएफ के प्रबंध निदेशक पद पर तैनात थे। बस्ती के मंडलायुक्त रहे अखिलेश सिंह के 31 जुलाई को सेवानिवृत्त होने के बाद यह पद खाली हो गया था।

बरेली मंडल में भी बड़ा बदलाव किया गया है। शंभू कुमार को बरेली का नया मंडलायुक्त बनाया गया है। शंभू कुमार अभी तक पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

इसी तरह प्रयागराज मंडल की कमान डॉ. लोकेश एम. को सौंपी गई है। वह अभी तक लोक निर्माण विभाग में सचिव पद पर तैनात थे। प्रयागराज की मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल को अब श्रमायुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।

गोरखपुर के मंडलायुक्त रहे अनिल ढींगड़ा को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। उन्हें उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद का आवास आयुक्त बनाया गया है। इसके साथ ही निदेशक नगर भूमि सीमारोपण और सचिव आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की जिम्मेदारी भी उन्हें सौंपी गई है।

बरेली के मंडलायुक्त रहे भूपेंद्र एस. चौधरी को सचिव प्रशासनिक सुधार के पद पर भेजा गया है। वहीं गृह एवं सतर्कता विभाग में सचिव रहे प्रकाश बिंदु को पीसीडीएफ का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।

संदीप कुमार, जो अभी तक राजस्व परिषद प्रयागराज में सदस्य न्यायिक के पद पर थे, उन्हें पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।

हाल ही में पीसीएस से आईएएस पद पर पदोन्नत हुए पुष्पराज सिंह को भी नई जिम्मेदारी मिली है। गोरखपुर विकास प्राधिकरण में सचिव रहे पुष्पराज सिंह को अब नोएडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी यानी ACEO बनाया गया है।

वहीं नोएडा में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद पर तैनात सतीश पाल को विशेष सचिव गृह विभाग बनाया गया है।

तबादला सूची में डॉ. बलकार सिंह को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। अभी तक आवास आयुक्त सहित अन्य जिम्मेदारियां संभाल रहे डॉ. बलकार सिंह को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण यानी UPSIDA का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।

इसके अलावा प्रमुख सचिव कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे रविंद्र को राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक पद का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

इस प्रशासनिक फेरबदल में सबसे ज्यादा चर्चा चार बड़े मंडलों के कमिश्नर बदले जाने की है। गोरखपुर की कमान इंद्र विक्रम सिंह, बस्ती की वैभव श्रीवास्तव, बरेली की शंभू कुमार और प्रयागराज मंडल की जिम्मेदारी डॉ. लोकेश एम. को सौंपी गई है।

योगी सरकार द्वारा एक साथ 13 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव के बाद अब ये अधिकारी अपनी नई जिम्मेदारियां संभालेंगे। इससे पहले भी जुलाई के अंतिम सप्ताह में प्रदेश सरकार ने बड़ी संख्या में पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए थे।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now