तेज रफ्तार SUV बनी मौत की रफ्तार, स्कूटी सवार युवक की मौके पर मौत; CCTV में कैद हुआ हादसा

  • 18 days ago
  • 543 views


राजस्थान की राजधानी जयपुर में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार SUV ने स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का दिल दहला देने वाला CCTV वीडियो भी सामने आया है।


यह हादसा जयपुर के पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित वंदे मातरम् रोड पर हुआ। मृतक की पहचान विकल्प उर्फ राजा मीणा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर बारिश के दौरान राजा मीणा अपनी स्कूटी से जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार किआ सेल्टॉस SUV अनियंत्रित होकर उनकी स्कूटी से जा टकराई।

CCTV फुटेज में दिखाई देता है कि SUV बेहद तेज रफ्तार में आती है और स्कूटी को जोरदार टक्कर मार देती है। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी और युवक कई फीट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद SUV के टायर तक फट गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद चालक SUV को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने CCTV फुटेज भी अपने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस अब वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर, CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार चालक की तलाश कर रही है। वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने वंदे मातरम् रोड पर तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने और सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now