मायापुर टनल हादसे के बाद घटनास्थल पहुंचे सीएम धामी, रेस्क्यू ऑपरेशन की समीक्षा की

  • 3 days ago
  • 147 views


टनल में जाकर लिया बचाव कार्यों का जायजा, फंसे 3 श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए दिए हरसंभव प्रयास के निर्देश

मायापुर (पीपलकोटी)। टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी घटनास्थल पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू अभियान की प्रगति की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने स्वयं टनल के अंदर जाकर रेस्क्यू ऑपरेशन का निरीक्षण किया और अभियान में जुटी विभिन्न टीमों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी उपलब्ध संसाधनों और तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी इस्तेमाल किया जाए।

मुख्यमंत्री ने NDRF, SDRF, ITBP और पुलिस समेत सभी रेस्क्यू टीमों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टनल में फंसे शेष 3 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि टनल में कुल 22 लोग फंसे थे, जिनमें से 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि शेष तीन लोगों की तलाश और रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। हादसे में अब तक 7 लोगों की दुखद मौत की सूचना है।

रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों को उपचार के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर लाया गया। मुख्यमंत्री ने अस्पताल पहुंचकर उपचाराधीन श्रमिकों का हालचाल जाना और अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि मृतकों के परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के साथ घटनास्थल पर व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी न रहे।

इस दौरान जनपद प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी, आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं रेस्क्यू टीमों के सदस्य मौजूद रहे।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now