नौहझील में कांग्रेस के संगठन सृजन कार्यक्रम में विवाद, युवा नेताओं ने जिलाध्यक्ष पर लगाए...
- 11h ago
कनाडा में नौकरी और बेहतर भविष्य का सपना देख रहे लोगों को कथित तौर पर फर्जी वर्क परमिट और जॉब ऑफर लेटर देकर करोड़ों रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। गुजरात के वडोदरा में एक फॉरेन एजुकेशन कंसल्टेंसी के खिलाफ 17 लोगों से करीब 2 करोड़ 30 लाख 95 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। पीड़ितों को जब शक हुआ और उन्होंने संबंधित विदेशी कंपनी से संपर्क किया तो कथित जॉब ऑफर लेटर फर्जी निकले। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
मामला वडोदरा के कारेलीबाग इलाके में संचालित अक्षर फॉरेन एजुकेशन कंसल्टेंसी से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि कंसल्टेंसी के माध्यम से लोगों को कनाडा में नौकरी दिलाने और वर्क परमिट उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया था।
शिकायत के मुताबिक विदेश जाकर नौकरी करने की चाह रखने वाले लोगों से संपर्क किया गया और उन्हें कनाडा की कंपनियों में नौकरी दिलाने का दावा किया गया। इसके एवज में अलग-अलग लोगों से लाखों रुपये लिए गए।
पीड़ितों को भरोसा दिलाने के लिए कथित तौर पर कनाडा की कंपनियों के नाम से जॉब ऑफर लेटर और वीजा से संबंधित दस्तावेज भी उपलब्ध कराए गए। शुरुआत में दस्तावेज देखकर लोगों को विश्वास हो गया कि उनकी कनाडा जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
लेकिन काफी समय गुजरने के बावजूद जब वीजा और नौकरी की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई तो पीड़ितों को शक होने लगा। इसके बाद कुछ शिकायतकर्ताओं ने ऑफर लेटर पर दर्ज संबंधित कंपनी से सीधे ई-मेल के जरिए संपर्क कर दस्तावेजों की सत्यता की जानकारी मांगी।
रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी की तरफ से जवाब मिलने पर पीड़ितों के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्हें बताया गया कि उनके पास मौजूद कथित जॉब ऑफर लेटर कंपनी की ओर से जारी ही नहीं किए गए थे।
इसके बाद पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे। आरोप है कि रकम वापस करने के लिए दिया गया चेक भी बैंक में जमा करने पर बाउंस हो गया। इसके बाद पीड़ितों ने पुलिस से संपर्क किया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस शिकायत के आधार पर जांच आगे बढ़ी तो ठगी का दायरा केवल वडोदरा तक सीमित नहीं होने की बात सामने आई। रिपोर्ट के मुताबिक वडोदरा के अलावा गांधीनगर, खेड़ा, अंकलेश्वर, अहमदाबाद और आणंद सहित अलग-अलग क्षेत्रों के लोग भी कथित रूप से इस जाल में फंसे।
कुल 17 लोगों से 2 करोड़ 30 लाख 95 हजार 600 रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। किसी ने कनाडा में नौकरी की उम्मीद में अपनी जमा पूंजी लगाई तो किसी ने विदेश में भविष्य बनाने के लिए बड़ी रकम कंसल्टेंसी को दी।
मामले में एक पीड़ित धवलकुमार गढ़िया की शिकायत के आधार पर कारेलीबाग पुलिस ने कंसल्टेंसी के संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित फर्जी ऑफर लेटर और वीजा संबंधी दस्तावेज किस तरह तैयार किए गए, पैसे किन-किन खातों में लिए गए और इस पूरे मामले में अन्य लोगों की भी कोई भूमिका है या नहीं।
करीब ढाई करोड़ रुपये तक पहुंचे इस कथित फर्जीवाड़े ने एक बार फिर विदेश में नौकरी और वर्क वीजा दिलाने के नाम पर चलने वाले फर्जी नेटवर्क को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े दस्तावेजों और लेनदेन की जांच कर रही है और आरोपों की सत्यता जांच के बाद स्पष्ट होगी।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर