हॉस्टल में जमीन पर सो रही थीं छात्राएं, जहरीले सांप ने काटा - 3 की मौत, 3 की हालत गंभीर

  • 7 days ago
  • 243 views


महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में दर्दनाक हादसा सामने आया है। जप्तलाई गांव स्थित आदिवासी आवासीय स्कूल के हॉस्टल में जमीन पर सो रही छात्राओं को जहरीले सांप ने काट लिया। हादसे में 8, 12 और 14 साल की तीन नाबालिग छात्राओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्राओं का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घटना रविवार आधी रात के आसपास धनोरा तालुका मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर हुई। सांप के काटने के बाद छात्राओं को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया और इलाज के दौरान तीन छात्राओं ने दम तोड़ दिया। तीन अन्य छात्राओं को एंटी-वेनम दवा दी गई है और डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

बताया गया कि हॉस्टल में पर्याप्त बेड नहीं होने के कारण कुछ छात्राएं जमीन पर सो रही थीं। घटना के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जिला प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। जांच में यह भी देखा जाएगा कि हॉस्टल में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं और स्कूल प्रबंधन ने जरूरी सावधानियों का पालन किया था या नहीं।

जिला प्रशासन ने कहा है कि यदि जांच में लापरवाही या सुरक्षा में चूक सामने आती है तो जिम्मेदारी तय कर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद छात्राओं के परिवारों में मातम और इलाके में दहशत का माहौल है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now