ग्रेटर नोएडा में भीषण अग्निकांड: आग बुझाते समय गिरी फैक्ट्री की दीवार, दो दमकलकर्मियों की मौत

  • 13 days ago
  • 174 views


ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली कंपनी में लगी भीषण आग ने दो दमकलकर्मियों की जान ले ली। आग बुझाने के दौरान अचानक कंपनी की एक दीवार और लोहे का भारी बीम गिर गया, जिसकी चपेट में पांच दमकलकर्मी आ गए। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दमकलकर्मी रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि तीन अन्य दमकलकर्मियों का उपचार जारी है।

जानकारी के मुताबिक सोमवार देर रात ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र स्थित आईएलजीआईएम कंपनी में भीषण आग लग गई। कंपनी में इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने का काम किया जाता है। आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया।

दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हुए थे, तभी अचानक कंपनी की एक तरफ की दीवार और लोहे का भारी बीम भरभराकर गिर गया। इसकी चपेट में पांच दमकलकर्मी आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, दमकलकर्मी मनीष कुमार, मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह, दमकलकर्मी अमित कुमार और दमकलकर्मी रोहित यादव घायल हुए। सभी को मलबे से निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने रोहित यादव और तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं राजपाल सिंह, मनीष कुमार और अमित कुमार का उपचार चल रहा है। पुलिस के मुताबिक तीनों घायल दमकलकर्मियों की हालत खतरे से बाहर है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की आशंका को देखते हुए राज्य आपदा मोचन बल की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य चलाया।

फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। आग किस कारण लगी, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग हादसे के सभी पहलुओं की जांच में जुटे हैं।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now