दिल्ली में HIV के खिलाफ बड़ा अभियान, 60 दिन तक घर-घर होगी मुफ्त जांच

  • 3 days ago
  • 128 views


 

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने HIV जागरूकता, रोकथाम, जांच और इलाज को बढ़ावा देने के लिए 60 दिनों का विशेष अभियान शुरू किया है। दिल्ली स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी (DSACS) की ओर से चलाए जा रहे इस अभियान का फोकस युवाओं, स्कूल-कॉलेजों, समुदायों और ग्रामीण-शहरी इलाकों पर रहेगा।

अभियान के तहत गांवों, कॉलोनियों और झुग्गी-झोपड़ियों में घर-घर जाकर जागरूकता अभियान और मुफ्त HIV जांच शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा जागरूकता रैलियां, लोक कला कार्यक्रम, फ्लैश मॉब, स्कूल-कॉलेज आउटरीच, मोबाइल टेस्टिंग और स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने कहा कि HIV को लेकर फैली भ्रांतियों और गलत धारणाओं को दूर करना जरूरी है। अभियान का उद्देश्य समय पर जांच, शुरुआती इलाज और सहायता तक पहुंच को बेहतर बनाना है। साथ ही HIV के साथ जी रहे लोगों को सामाजिक भेदभाव और कलंक से बचाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

अभियान की शुरुआत अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर रोहिणी स्थित डॉ. बीएसए अस्पताल में हुई, जहां 600 से अधिक छात्रों, NGOs और सामुदायिक संगठनों ने हिस्सा लिया। इस दौरान जागरूकता रैली भी निकाली गई।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025-26 में दिल्ली में 14.29 लाख HIV टेस्ट किए गए, जिनमें 5,570 मामलों की पहचान हुई। वहीं 12 ART केंद्रों पर HIV/AIDS के साथ जी रहे 44,546 लोग सक्रिय देखभाल में हैं। पात्र लोगों के लिए दिल्ली सरकार वित्तीय सहायता योजना भी चला रही है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now