दिल्ली-एनसीआर में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, सड़कें बनीं दरिया, जगह-जगह जाम

  • 10 days ago
  • 323 views


दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। राजधानी दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और आसपास के कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आए, जबकि कुछ इलाकों में एंबुलेंस तक पानी में फंस गई।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए अगले कुछ घंटों में मध्यम से तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

बारिश के कारण आईटीओ, मेहरौली-बदरपुर रोड, वजीराबाद रोड, पटेल रोड, रोहतक रोड, कीर्ति नगर, शाहीन बाग, पीरागढ़ी और दिल्ली-जयपुर हाईवे समेत कई प्रमुख मार्गों पर भारी जाम की स्थिति बनी रही। नोएडा और गुरुग्राम में भी कई अंडरपास जलमग्न हो गए, जिससे लोगों को घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा।

नोएडा के महामाया फ्लाईओवर अंडरपास में पानी भरने से एक एंबुलेंस बीच रास्ते में फंस गई। कई अन्य वाहन भी जलभराव के कारण बंद हो गए। गुरुग्राम में भारी बारिश के बाद कई सड़कें पानी में डूब गईं, जिसके चलते कार्यालय आने-जाने वाले लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा।

मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले मार्गों से दूर रहने और मौसम व ट्रैफिक अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now