चलती ट्रेन में चढ़ने लगी महिला, GRP सिपाही ने मौत के मुंह से खींचकर बचाई जान

  • 10 days ago
  • 343 views


रायबरेली। रायबरेली रेलवे स्टेशन पर जीआरपी के एक सिपाही की सूझबूझ और बहादुरी से बड़ा रेल हादसा टल गया। प्लेटफॉर्म पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रही एक महिला का पैर फिसल गया, लेकिन ड्यूटी पर तैनात जीआरपी सिपाही शिवपूजन चौधरी ने अपनी जान की परवाह किए बिना दौड़कर महिला को खींच लिया और उसकी जान बचा ली। पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, वाराणसी से देहरादून जा रही जनता एक्सप्रेस रायबरेली जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर रुकी थी। इसी दौरान एक महिला यात्री खाने-पीने का सामान खरीदने के लिए ट्रेन से नीचे उतर गई। सामान लेते समय ट्रेन चल पड़ी, जिसके बाद महिला ने दौड़कर चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच गिरने लगी।

महिला को खतरे में देख ड्यूटी पर तैनात जीआरपी सिपाही शिवपूजन चौधरी तुरंत उसकी ओर दौड़े और फुर्ती दिखाते हुए उसे अपनी ओर खींच लिया। सिपाही की सतर्कता से महिला की जान बच गई। इसके बाद यात्रियों ने ट्रेन की चेन खींचकर गाड़ी को रोका और महिला को सुरक्षित ट्रेन में बैठाया गया।

घटना का सीसीटीवी वीडियो वायरल होने के बाद जीआरपी सिपाही शिवपूजन चौधरी की बहादुरी की हर तरफ सराहना हो रही है। रेलवे अधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now