भिवंडी बिल्डिंग हादसा: कोहिनूर अपार्टमेंट हादसे में 10 की मौत, मालिक पर FIR; असुरक्षित हिस्सा गिराने की तैयारी

  • 15 days ago
  • 1996 views


महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में कोहिनूर अपार्टमेंट का हिस्सा गिरने से हुए दर्दनाक हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद पुलिस और नगर निगम प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, इमारत को पहले ही खतरनाक घोषित किया गया था और इसे खाली कराने तथा स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए थे। हादसे से पहले इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था। शुरुआती जांच में कई स्ट्रक्चरल पिलरों पर एक साथ किए जा रहे काम को हादसे की संभावित वजहों में देखा जा रहा है।

हादसे के बाद भोईवाड़ा पुलिस ने इमारत के मालिक बिलाल अहमद अबूबकर खान और मरम्मत कार्य से जुड़े ठेकेदार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या से संबंधित मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक मालिक विदेश में है। जांच में यह भी सामने आया है कि हादसे में मारे गए अशोक पासवान के मरम्मत का ठेका लेने की बात की पुष्टि की जा रही है।

नगर निगम ने कोहिनूर अपार्टमेंट के बचे हुए हिस्से को भी असुरक्षित मानते हुए खाली करा लिया है। बिजली-पानी की आपूर्ति काटने के बाद इसे ध्वस्त करने की कार्रवाई की तैयारी की गई है। हादसे के बाद बड़ी संख्या में परिवारों को अपना घर छोड़ना पड़ा है।

महाराष्ट्र सरकार ने हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं और मृतकों के परिजनों के लिए 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की गई है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now