बारिश में स्कूल से लौट रही 11 वर्षीय छात्रा नाले में गिरी, कई घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग; NDRF का रेस्क्यू जारी

  • 18 days ago
  • 346 views


उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। स्कूल से घर लौट रही 11 वर्षीय छात्रा चारु कश्यप बारिश के दौरान खुले नाले में गिर गई। घटना के कई घंटे बाद भी छात्रा का कोई सुराग नहीं लग सका है। मामले में स्कूल प्रबंधन की लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। जिलाधिकारी कुमार हर्ष और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान का जायजा लिया।

यह दर्दनाक घटना बुलंदशहर के नगर कोतवाली क्षेत्र में भूतेश्वर मंदिर के पास की है। जानकारी के अनुसार, 11 वर्षीय चारु कश्यप सुशीला इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 4 की छात्रा है। बारिश के चलते स्कूल प्रबंधन ने छुट्टी कर दी थी। घर लौटते समय तेज बारिश से बचने के लिए चारु नाले की पटिया पर खड़ी हो गई। तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव वाले नाले में जा गिरी।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। कई थानों की पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और एनडीआरएफ की टीम छात्रा की तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल काली नदी तक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन देर शाम तक भी छात्रा का कोई पता नहीं चल सका।

मामले में स्कूल प्रबंधन की कथित लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी कुमार हर्ष और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को रेस्क्यू अभियान तेज करने के निर्देश दिए।

फिलहाल पूरे इलाके में छात्रा की तलाश जारी है और परिवार सहित स्थानीय लोगों की निगाहें रेस्क्यू टीम के प्रयासों पर टिकी हुई हैं।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now