नौहझील में कांग्रेस के संगठन सृजन कार्यक्रम में विवाद, युवा नेताओं ने जिलाध्यक्ष पर लगाए...
- 11h ago
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, 44 लाख रुपये की जीवन बीमा राशि हासिल करने के लिए एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने साथियों के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की साजिश रची। महिला को कार से कुचलकर वारदात को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की गई। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए पति समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मृतका की पहचान रीता के रूप में हुई है। बताया गया कि रीता और आरोपी अमर सिंह ने करीब ढाई साल पहले प्रेम विवाह किया था। 29 जुलाई की रात हमीरपुर के ललपुरा थाना क्षेत्र में पौधिया गांव के पास सड़क किनारे रीता का शव मिला था। शुरुआती तौर पर मामला सड़क हादसे का प्रतीत हुआ, लेकिन पुलिस जांच आगे बढ़ने के साथ हत्या की साजिश सामने आने का दावा किया गया।
पुलिस के अनुसार, रीता के नाम 26 जून को 44 लाख रुपये की जीवन बीमा पॉलिसी कराई गई थी और अमर सिंह को नॉमिनी बनाया गया था। इसके करीब 33 दिन बाद रीता की हत्या कर दी गई। आरोप है कि बीमा क्लेम की रकम हासिल करने और कर्ज चुकाने के उद्देश्य से पूरी साजिश रची गई थी।
जांच में पुलिस ने दावा किया कि रीता को पौधिया नहर मार्ग पर ले जाया गया, जहां कार से उसे टक्कर मारी गई। इसके बाद कथित तौर पर उसके ऊपर दोबारा वाहन चढ़ाया गया, ताकि उसकी मौत को हिट एंड रन या सड़क दुर्घटना का रूप दिया जा सके।
पुलिस ने मामले में पति अमर सिंह सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्या में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद की गई है। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर