धर्मनगरी वृंदावन में देवोत्थान एकादशी के पावन अवसर पर आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। शनिवार सुबह से ही भगवान श्रीकृष्ण की नगरी की पंचकोसीय परिक्रमा में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर की पहली किरण के साथ शुरू हुआ परिक्रमार्थियों का सिलसिला दिनभर जारी रहा। देश-विदेश से आए श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए राधे-राधे के जयकारों के साथ परिक्रमा करते नजर आए।
रमणरेती, बिहार घाट, सूरज घाट, श्रृंगारवट घाट, केशीघाट और जगन्नाथ घाट सहित प्रमुख स्थानों पर मेले जैसा माहौल देखने को मिला। हजारों श्रद्धालु नंगे पैर परिक्रमा करते हुए भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन दिखाई दिए।
हालांकि, परिक्रमा मार्ग पर बिखरे कंक्रीट और पत्थरों के कारण श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना भी करना पड़ा। इसके बावजूद भक्तों की आस्था में कोई कमी नहीं दिखाई दी।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए इस्कॉन मंदिर और अटल्ला चुंगी क्षेत्र में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। वाहनों को रोक-रोककर परिक्रमार्थियों को सुरक्षित निकाला गया, जिसके चलते कई स्थानों पर जाम की स्थिति भी बनी रही।
देवोत्थान एकादशी पर वृंदावन में उमड़ा यह आस्था का सैलाब एक बार फिर ब्रजभूमि की धार्मिक परंपरा और श्रद्धालुओं की अटूट भक्ति का साक्षी बना।