मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन को स्वच्छ और बेहतर बनाने के उद्देश्य से रेलवे प्रशासन द्वारा जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। रेल मंत्रालय के निर्देश पर चल रहे स्वच्छता अभियान के क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम में यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों और शहर के गणमान्य लोगों से स्टेशन की साफ-सफाई, सुविधाओं और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव मांगे गए। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन सुझावों के माध्यम से मथुरा जंक्शन को यात्रियों के लिए और अधिक सुविधाजनक बनाया जाएगा।
गुरुवार को मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें रेलवे विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ रेलवे स्काउट एवं गाइड, यात्री तथा शहर के गणमान्य लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान स्टेशन डायरेक्टर सुनील कुमार शर्मा ने यात्रियों और उपस्थित लोगों से सीधे संवाद किया। उन्होंने स्टेशन की साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव मांगे। धार्मिक नगरी मथुरा में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता और बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रेलवे प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों की जरूरतों को समझकर स्टेशन की व्यवस्थाओं में सुधार करना और लोगों की भागीदारी से स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाना है।
इस संबंध में स्टेशन डायरेक्टर सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि रेल मंत्रालय के निर्देशानुसार जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसमें यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों और शहर के गणमान्य लोगों से स्टेशन को अधिक स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाने के लिए सुझाव मांगे गए हैं। प्राप्त सुझावों के आधार पर स्टेशन की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान स्टेशन डायरेक्टर सुनील कुमार शर्मा, सीटीआई शैलेश मिश्रा सहित रेलवे के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।