हाथरस जिले के सादाबाद क्षेत्र के खेड़ा बरामई गांव से बीते तीन महीने से लापता 16 वर्षीय छात्र अनुज चौधरी को पुलिस ने मथुरा के बरसाना से सुरक्षित बरामद कर लिया है। सोमवार को सादाबाद के एसीजेएम न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने अनुज को हाथरस बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया। समिति ने छात्र की इच्छा के अनुसार उसे फिलहाल 10 दिनों के लिए माता-पिता के साथ रहने की अनुमति दी है।
पारिवारिक पृष्ठभूमि के अनुसार, इंटरमीडिएट का छात्र अनुज 25 जून को प्रेमानंद महाराज के आश्रम से दीक्षा लेकर लौटा था और उसने आध्यात्म की ओर अपना झुकाव जताया था। इसके बाद 3 जुलाई को वह कोचिंग जाने की बात कहकर निकला और लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने सादाबाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई और हाल ही में वृंदावन आश्रम के बाहर धरना भी दिया था, जिसके बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए शनिवार शाम उसे बरसाना से ढूंढ निकाला।
हालांकि, अनुज पिछले तीन महीनों तक कहां और किन परिस्थितियों में रहा, यह अभी भी रहस्य बना हुआ है। बाल कल्याण समिति के सामने अनुज ने इस संबंध में कोई भी जानकारी देने से इनकार कर दिया। अनुज के चाचा और परिजनों का कहना है कि घर पहुंचने के बाद वे उससे शांति से बातचीत करेंगे, जिसके बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।