मथुरा के संस्कृति विश्वविद्यालय में स्थापना दिवस समारोह इस बार संगीत और उत्साह से सराबोर नजर आया। बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक मोहम्मद इरफान ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से विद्यार्थियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। देर रात तक चले कार्यक्रम में नए दौर के गीतों से लेकर सदाबहार नगमों तक की प्रस्तुति ने समां बांध दिया।
संस्कृति विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस समारोह में इस बार अतीत और वर्तमान का अनूठा संगम देखने को मिला। जहां विद्यार्थी 80 के दशक के रेट्रो दौर की यादों को ताजा करने की तैयारियों में जुटे थे, वहीं बॉलीवुड सिंगर मोहम्मद इरफान की मौजूदगी ने समारोह को खास बना दिया।
इरफान ने मंच पर आते ही फिल्म ‘यारियां’ का लोकप्रिय गीत ‘दिल मेरा है नासमझ कितना’ गाकर शुरुआत की। उनके मंच पर पहुंचते ही विद्यार्थियों ने तालियों और जोरदार उत्साह के साथ उनका स्वागत किया।
इसके बाद उन्होंने ‘तुझे देखते ही आंखें हो जाती हैं नम’, ‘दर्द दिलों के कम हो जाते’, ‘दिल संभल जा जरा’, ‘केसरिया’, ‘बंजारा’ और ‘बारिश’ जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियां दीं। उनकी आवाज और गीतों पर विद्यार्थी लगातार झूमते नजर आए।
कार्यक्रम के दौरान मोहम्मद इरफान ने पुराने दौर के सदाबहार गीत भी सुनाए। लता मंगेशकर का ‘लग जा गले’ और जगजीत सिंह की गजल ‘होंठों से छू लो तुम’ जैसे गीतों ने माहौल को और भी संगीतमय बना दिया। उन्होंने लोकप्रिय गायक केके को याद करते हुए उनके गीत भी प्रस्तुत किए।
इरफान की प्रस्तुति के दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थी मंच के करीब पहुंच गए और गायक के साथ सुर मिलाते नजर आए। विद्यार्थियों के उत्साह को देखकर इरफान ने भी उनकी जमकर तारीफ की और कहा कि संस्कृति विश्वविद्यालय के विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ संगीत की भी अच्छी समझ रखते हैं।
आयोजकों के मुताबिक, मोहम्मद इरफान ने ढाई घंटे से ज्यादा समय तक लगातार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने भंगड़ा गीत की प्रस्तुति दी, जिस पर पूरा मैदान झूम उठा।
रात करीब 10 बजे शुरू हुआ संगीत का यह सिलसिला आधी रात तक जारी रहा और स्थापना दिवस समारोह विद्यार्थियों के लिए यादगार बन गया।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. सचिन गुप्ता और पूरे संस्कृति परिवार ने स्थापना दिवस को विश्वविद्यालय की यात्रा, मूल्यों और विद्यार्थियों की ऊर्जा का उत्सव बताया।
डॉ. सचिन गुप्ता ने लोकप्रिय गायक मोहम्मद इरफान का सम्मान करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर के कलाकार की मौजूदगी ने स्थापना दिवस समारोह को विशेष और यादगार बना दिया
संस्कृति विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस समारोह में अपनी गायकी से समां बांधते बॉलीवुड सिंगर मोहम्मद इरफान।