वृंदावन। कोतवाली क्षेत्र की गौरा नगर कॉलोनी स्थित नाले वाले मार्ग पर सोमवार शाम एक ब्यूटी पार्लर एवं कॉस्मेटिक की दुकान में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा करीब एक लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, गौरा नगर कॉलोनी निवासी मोहन कुशवाहा पुत्र स्व. रामनारायण कुशवाहा की श्रीजी ब्यूटी केयर एंड कॉस्मेटिक सेंटर नाम से दुकान है। सोमवार शाम अचानक दुकान से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान के अंदर रखा कॉस्मेटिक व अन्य सामान जलने लगा।
दुकान से धुआं और लपटें निकलती देख आसपास के लोगों और दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए फायर एक्सटिंग्विशर और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहत की बात यह रही कि स्थानीय लोगों की तत्परता से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया। आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।