मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र में छेड़छाड़ के मुकदमे को वापस लेने का दबाव बनाने और पीड़िता की मां को धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि मुकदमा वापस न लेने पर आरोपी पक्ष द्वारा उन्हें और उनकी नाबालिग बेटी को लगातार परेशान किया जा रहा है।
पीड़िता के मुताबिक, 13 वर्षीय बेटी से छेड़छाड़ के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी पक्ष केस वापस लेने का दबाव बना रहा है। आरोप है कि विरोध करने पर मारपीट, बदनाम करने और जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। पीड़िता ने 8 अगस्त को चाकू से हमला किए जाने का भी आरोप लगाया है और पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंपने की बात कही है।
पुलिस से शिकायत के बावजूद राहत न मिलने का आरोप लगाते हुए पीड़िता अपनी बेटी के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंची और सुरक्षा व न्याय की गुहार लगाई। मामले में पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और अपनी व बेटी की सुरक्षा की मांग की है।