मथुरा। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “मिशन शक्ति फेज-5.0” के द्वितीय चरण के तहत महिला थाना मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकारों और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान महिलाओं को आत्मरक्षा, गुड टच-बैड टच, महिला अधिकारों और महिला संबंधी अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को बताया कि बस, रास्ते या सार्वजनिक स्थान पर मनचलों एवं शोहदों द्वारा छेड़खानी की घटना होने पर डरने के बजाय तत्काल 1090 महिला पावर लाइन पर सूचना दें अथवा नजदीकी थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराएं।
अभियान के दौरान महिलाओं को WhatsApp, Facebook, Instagram और Twitter/X जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।