मथुरा के थाना सदर बाजार क्षेत्र में मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा तथा हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी।
मथुरा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना सदर बाजार की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने मिशन शक्ति फेज-5.0 (द्वितीय चरण) के तहत महिला जागरूकता अभियान आयोजित किया। अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मरक्षा, गुड टच-बैड टच, महिला अधिकारों तथा महिला संबंधी अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस टीम ने बताया कि बस, रास्ते या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर छेड़खानी अथवा उत्पीड़न की घटना होने पर डरने के बजाय तत्काल 1090 वीमेन पावर लाइन या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज करानी चाहिए। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स का सुरक्षित एवं सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी गई।
अभियान के दौरान महिलाओं को यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन सेवाओं की भी विस्तृत जानकारी दी।