मथुरा के वार्ड नंबर 41, नटवर नगर (धोली प्याऊ के पास) में लंबे समय से जलभराव की समस्या से परेशान लोगों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर स्थायी समाधान की मांग की है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में जल निकासी के लिए पर्याप्त और चौड़ा नाला नहीं है, जिससे नालियां अक्सर गंदगी से भर जाती हैं और पाइपलाइन भी जाम हो जाती है।
इस कारण गंदा पानी घरों में घुस जाता है, जिससे बीमारियों का खतरा बना रहता है। निवासियों के अनुसार यह समस्या पिछले 30 वर्षों से बनी हुई है और बरसात में हालात और भी खराब हो जाते हैं। कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हो पाया है।
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र का कुछ हिस्सा आर्मी की जमीन में आता है, जहां नाले को बंद कर दिए जाने से जल निकासी पूरी तरह बाधित हो रही है। लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द स्थायी और चौड़ा नाला बनाकर इस समस्या का समाधान किया जाए। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर कब कार्रवाई करता है और लोगों को राहत मिलती है।