मथुरा-वृंदावन में सिंगल-यूज प्लास्टिक और प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ नगर निगम द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। नगर आयुक्त के निर्देश पर निगम की टीम लगातार शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर रही है, जिसमें 40 से 50 किलोग्राम तक प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त की जा रही है।
यह अभियान सहायक नगर आयुक्त और ईटीएफ टीम के नेतृत्व में चलाया जा रहा है, जो अवैध रूप से प्लास्टिक के परिवहन और बिक्री करने वालों पर कड़ी नजर रखे हुए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 10,000 से लेकर 56,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा रहा है।
इसके साथ ही व्यापारियों को जागरूक करते हुए प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करने की सख्त हिदायत दी जा रही है। नगर निगम अवैध होर्डिंग और प्लास्टिक कचरे को हटाने के लिए भी विशेष अभियान चला रहा है। इस कार्रवाई का उद्देश्य मथुरा-वृंदावन को पॉलिथीन मुक्त बनाना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।