जनपद मथुरा के थाना जैत क्षेत्र में मोबाइल चोरी की वारदात का लोगों ने साहस दिखाते हुए मौके पर ही पर्दाफाश कर दिया। जनता की सतर्कता और पुलिस की तत्परता से दो मोबाइल चोरों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया। थाना जैत पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना 15 सितंबर 2026 की शाम करीब 7:07 बजे की है। वादी के घर से दो मोबाइल फोन चोरी कर भाग रहे दो युवकों को स्थानीय लोगों ने संदिग्ध गतिविधि देखकर पीछा किया और पकड़ लिया। इसके बाद सूचना मिलते ही थाना जैत पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले आई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेश कुमार (36 वर्ष) पुत्र रामकुमार तथा विनोद (31 वर्ष) पुत्र प्रेम सिंह, दोनों निवासी ग्राम गोपालगढ़, थाना जैत, जनपद मथुरा के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के CELLECOR कंपनी का सिल्वर कीपैड मोबाइल तथा SAMSUNG कंपनी का हल्के हरे रंग का एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया। वादी की तहरीर के आधार पर थाना जैत में मु.अ.सं. 623/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 305 एवं 317(2) में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराध पर नियंत्रण में आमजन का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। इस घटना में स्थानीय लोगों की सजगता के कारण चोरी का सामान तुरंत बरामद हो गया और आरोपी पुलिस गिरफ्त में आ गए।