जनपद मथुरा के कस्बा शेरगढ़ में बुधवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां निषाद मिष्ठान भंडार के सामने सुबह करीब 5 बजे टहलने निकले 65 वर्षीय बुजुर्ग को एक तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान शेरगढ़ निवासी डॉ. फतेह सिंह (उम्र करीब 65 वर्ष) के रूप में हुई है।
हादसे के संबंध में मृतक के परिजन दान सिंह ने बताया कि डॉ. फतेह सिंह रोज की तरह सुबह करीब 5 बजे अपने घर से टहलने के लिए निकले थे। तभी पीछे से आ रहे तेज गति कंटेनर के ड्राइवर ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दुखद हादसे की सूचना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही शेरगढ़ थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल कंटेनर को अपनी हिरासत में ले लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की आवश्यक कार्रवाई पूरी की और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस द्वारा हादसे से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है तथा मामले में नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।