शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक बैंक में तैनात महिला कर्मचारी की शिकायत पर समाजवादी पार्टी के नेता डॉ. राजन रिजवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला ने नेता पर बिना अनुमति मोबाइल नंबर हासिल कर आपत्तिजनक एवं अवांछित संदेश भेजने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला कर्मचारी का आरोप है कि बैंक आने-जाने के दौरान आरोपी उन पर लगातार नजर रखते थे। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने बिना उनकी अनुमति के उनका निजी मोबाइल नंबर हासिल किया और उस पर आपत्तिजनक संदेश भेजे। महिला का कहना है कि उन्होंने अपना मोबाइल नंबर आरोपी को कभी नहीं दिया था। ऐसे में उन्होंने पुलिस से नंबर हासिल किए जाने के स्रोत की भी जांच कराने की मांग की है।
शिकायत में महिला कर्मचारी ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने उनके और उनके पति के काम से संबंधित निजी जानकारियां जुटाई हैं। पीड़िता ने इस संबंध में किसी निजी सुरक्षा एजेंसी अथवा अन्य नेटवर्क के इस्तेमाल की संभावित भूमिका की भी जांच की मांग की है।
महिला ने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कथित आपत्तिजनक संदेशों के स्क्रीनशॉट पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। पुलिस इन साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
सीओ आशना चौधरी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।