मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत थाना कोसीकलां की मिशन शक्ति पुलिस टीम द्वारा बुधवार, 16 सितंबर 2026 को महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मरक्षा, गुड टच-बैड टच, महिला अधिकारों तथा महिला संबंधी अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को बताया गया कि बस, रास्ते अथवा सार्वजनिक स्थानों पर छेड़खानी या उत्पीड़न की घटना होने पर डरने के बजाय तत्काल पुलिस की मदद लें। उन्हें 1090 वीमेन पावर लाइन तथा थाने पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सऐप, एक्स (ट्विटर), फेसबुक और इंस्टाग्राम का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह दी। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए स्वयं नियमों का पालन करने और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी गई। इनमें 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 102 एवं 108 एंबुलेंस सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 101 अग्निशमन सेवा तथा 1930 साइबर हेल्पलाइन प्रमुख रहे।
पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं से किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बिना संकोच संबंधित हेल्पलाइन अथवा पुलिस से संपर्क करने की अपील की।