उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा गीता शोध संस्थान, वृंदावन में आयोजित श्री कृष्ण राष्ट्रीय चित्रांकन शिविर–2026 में देश के विभिन्न प्रांतों से आए चित्रकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं को रंगों और भावों के माध्यम से कैनवास पर जीवंत रूप प्रदान किया।
चित्रांकन शिविर में बाल कृष्ण की लीलाओं, राधा-कृष्ण के प्रेम, गोपियों के अनुराग, गौ-प्रेम, माखन चोरी और कृष्ण-सुदामा मिलन सहित विभिन्न पौराणिक प्रसंगों को कलाकारों ने अपनी सृजनात्मकता के साथ चित्रों में उकेरा। इन मनोहारी चित्रों में ब्रज की संस्कृति और श्रीकृष्ण की लीलाओं की झलक देखने को मिली।
14 सितंबर को परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र एवं मंडलायुक्त आगरा नगेंद्र प्रताप ने चित्रांकन शिविर का अवलोकन किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने चित्रकारों से संवाद कर उनके बनाए चित्रों और उनकी कला-साधना के बारे में जानकारी ली।
इस अवसर पर चित्रांकन शिविर की बुकलेट भी अतिथियों को प्रदान की गईं। आयोजकों के अनुसार आने वाले दिनों में स्कूली बच्चों, कला प्रेमियों एवं आमजन को आमंत्रित कर चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन कराने की योजना बनाई गई है। इससे लोगों को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित कलाकृतियों को करीब से देखने और ब्रज की कला-संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलेगा।