मथुरा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर को मथुरा जनपद दीपों की रोशनी से जगमगाएगा। ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ थीम पर जिलेभर में करीब 5 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इनमें केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करीब 3.50 लाख परिवार अपने घरों में शाम सात बजे दीप जलाएंगे। यह दीप सरकार की योजनाओं से मिले लाभ के प्रति आभार और बेहतर भविष्य की उम्मीद का प्रतीक होगा
अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें अधिकारियों को कार्यक्रमों को भव्य, सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण से जुड़े कार्यों तथा पिछले वर्षों में हुए विकास और नीतिगत बदलावों को जन-जन तक पहुंचाना है।
घरों से घाटों तक दिखेगी दीपों की रोशनी
17 सितंबर को मथुरा के बंगाली घाट से विश्राम घाट तक दीप प्रज्ज्वलन होगा। इसके अलावा वृंदावन के गीता शोध संस्थान, श्री राधा रानी मंदिर मांट, गोवर्धन की मल्टी लेवल पार्किंग, श्री आशेश्वर महादेव मंदिर, कोसी के गोमती सरोवर, नंदगांव के पावन सरोवर, बरसाना के प्रिया कुंड, परखम के यक्ष कुंड, गोकुल घाट और ब्रह्मांड घाट सहित प्रमुख स्थलों पर दीप जलाए जाएंगे। राल गौशाला और चंद्रोदय मंदिर में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ का भव्य आयोजन होगा।
जनपद के प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट, नदियां, घाट, चौराहे, मंदिर, पार्क, विद्यालय, महाविद्यालय और चिकित्सालय भी दीपों से सजाए जाएंगे। प्रशासन ने कुल करीब 5 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य रखा है।
17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेंगे कार्यक्रम
सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में अलग-अलग थीम पर कार्यक्रम होंगे। 17 सितंबर को श्रमदान, 18 को वृक्षारोपण, 19 को रक्तदान एवं अंगदान संकल्प, 20 को स्वास्थ्य शिविर, 21 को नशामुक्त भारत अभियान, 22 को मतदाता जागरूकता, 23 को रोजगार मेला व कैरियर काउंसलिंग, 24 को गौशालाओं में सफाई व गो पूजन तथा 25 सितंबर को डिजिटल लाइब्रेरी का लोकार्पण और बच्चों की काउंसलिंग सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे
इसके बाद 26 सितंबर से 16 अक्टूबर तक पिछड़ा वर्ग योजनाओं के प्रचार-प्रसार, समाज कल्याण योजनाओं, सर्व शिक्षा अभियान, वोकल फॉर लोकल, एनसीसी की उपयोगिता, नदी-घाटों की सफाई, पंचायती राज कार्यक्रम, विशेष स्वच्छता अभियान, ग्राम पंचायतों में श्रमदान, कायाकल्प, कृषक गोष्ठी, मत्स्य एवं खादी ग्रामोद्योग योजनाओं के प्रचार-प्रसार, महिला जागरूकता और विद्यार्थियों के साथ संवाद जैसे कार्यक्रम होंगे।
2363 आंगनबाड़ी केंद्रों पर होगा तीन दिवसीय उत्सव
28 से 30 सितंबर तक जिले के सभी 2363 शहरी एवं ग्रामीण आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय उत्सव और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें आशा बहुओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं का सम्मान होगा। बच्चों के लिए हेल्दी बेबी प्रतियोगिता, कॉमिक बुक, पौष्टिक फल व मिठाई वितरण तथा पोषाहार सामग्री वितरण की व्यवस्था भी की जाएगी।
बच्चों और युवाओं को भी जोड़ा जाएगा
17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच विद्यालयों में कक्षा 5 से 8 तक के बच्चों की ड्राइंग तथा कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों की भाषण प्रतियोगिता कराई जाएगी। चयनित श्रेष्ठ चित्रों की जिला स्तर पर बीएसए कॉलेज और चंद्रोदय मंदिर में प्रदर्शनी लगाई जाएगी। उच्च शिक्षण संस्थानों में युवाओं से संवाद और ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ विषय पर भाषण प्रतियोगिताएं भी होंगी।
23 सितंबर को बीएसए कॉलेज में 108 मीटर व्यास का भारत मंडल, भव्य मानव श्रृंखला और रंगोली बनाई जाएगी। वहीं 17 सितंबर को विश्वकर्मा टूलकिट वितरण कार्यक्रम भी आयोजित होगा।
अभियान के तहत टैंक चौराहा पर अखंड ज्योति स्थापित की जाएगी। तहसील स्तर से पैदल, साइकिल और बाइक रैलियां निकाली जाएंगी। विकासखंड स्तर पर 21 से 27 सितंबर तक सात दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर लगाए जाएंगे, जहां केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों के मौके पर ही आवेदन भरवाकर पात्रता का सत्यापन किया जाएगा। प्रशासन ने अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने और 100 प्रतिशत सैचुरेशन का लक्ष्य रखा है