वृंदावन के चीरघाट पर ई-रिक्शा हटाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। नाविकों और ई-रिक्शा चालकों के बीच हुई मारपीट में लाठी-डंडे और नुकीले सुआ चले, जिसमें कई लोग घायल हो गए। हैरानी की बात यह रही कि उपद्रवियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों और 108 एंबुलेंस कर्मचारियों पर भी हमला कर दिया।
मंगलवार को परिक्रमा मार्ग स्थित चीरघाट पर ई-रिक्शा हटाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से लाठी-डंडों के साथ नुकीले सुआ से हमला किया गया। घटना में कई लोग घायल हुए, जिनमें 18 वर्षीय योगेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल योगेश को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में केडी मेडिकल कॉलेज, छाता रेफर किया गया। लेकिन मामला यहीं नहीं रुका। आरोप है कि एक पक्ष के दबंग अस्पताल पहुंच गए और 108 एंबुलेंस के चालक अखैराम यादव व सहायक दीपेश यादव के साथ भी मारपीट कर दी।
अस्पताल परिसर में हुई यह पूरी गुंडागर्दी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू कर दी है।