मथुरा/आगरा। उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल ने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। आगरा कैंट, आगरा फोर्ट, मथुरा जंक्शन, कोसीकलां और राजा की मंडी रेलवे स्टेशन को ISO 14001:2015 पर्यावरण प्रबंधन प्रणाली का प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया है।
मथुरा जंक्शन सहित आगरा मंडल के पांच प्रमुख रेलवे स्टेशनों को अंतरराष्ट्रीय ISO 14001:2015 प्रमाण-पत्र मिला है। यह सम्मान स्टेशनों पर स्वच्छता, ऊर्जा बचत, जल संरक्षण और पर्यावरण अनुकूल व्यवस्थाओं के उत्कृष्ट संचालन के लिए दिया गया है।
उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह एवं आगरा मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन में यह उपलब्धि हासिल हुई है। वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता राज कुमार वर्मा के नेतृत्व में पांचों स्टेशनों पर पर्यावरण प्रबंधन प्रणाली को प्रभावी रूप से लागू किया गया।
ISO 14001:2015 के तहत स्टेशनों पर स्वच्छ प्रतीक्षालय, पेयजल एवं सैनिटेशन सुविधाओं में सुधार, ठोस एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन, ऊर्जा संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग पर विशेष कार्य किया गया। इसके साथ ही यात्रियों को स्वच्छ और हरित रेलवे परिसर उपलब्ध कराने के लिए कई पर्यावरण अनुकूल पहलें भी शुरू की गई हैं।
नोएडा स्थित एब्सोल्यूट क्वालिटी सर्टिफिकेशन प्राइवेट लिमिटेड (AQC) द्वारा विस्तृत ऑडिट के बाद सभी मानकों पर खरा उतरने पर यह प्रमाण-पत्र जारी किया गया। इसकी वैधता 9 सितंबर 2026 से 8 सितंबर 2028 तक रहेगी।