धर्मनगरी गोवर्धन में गिरिराज परिक्रमा के दौरान एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बड़ी परिक्रमा मार्ग पर एक अज्ञात युवक ने मुंबई निवासी श्रद्धालु युवती पर कथित हमला कर उसकी नाक दांतों से काट दी। वारदात के बाद आरोपी युवती की नाक में पहनी लौंग लेकर फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।
घटना गोवर्धन के बड़ी परिक्रमा मार्ग स्थित गिरिराज तलहटी की है, जहां मुंबई निवासी कश्मीरी पंडित मूल की एक युवती रोज की तरह गिरिराज महाराज की परिक्रमा कर रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात युवक ने उस पर हमला कर दिया और कथित रूप से उसकी नाक को दांतों से काट लिया, जिससे युवती गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गई।
वारदात के बाद हमलावर युवती की नाक में पहनी लौंग लेकर मौके से फरार हो गया। युवती की चीख-पुकार सुनते ही परिक्रमा मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही गोवर्धन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती से घटना की जानकारी ली। बताया गया है कि युवती पिछले करीब छह माह से गोवर्धन में रहकर नियमित रूप से गिरिराज महाराज की परिक्रमा कर रही थी।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा तथा हमले के पीछे के कारणों की भी जांच की जा रही है।