मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार टाटा पंच कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
थाना हाईवे क्षेत्र के औरंगाबाद स्थित बैराज रोड पर बीती रात तेज रफ्तार टाटा पंच कार ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
हादसे में 38 वर्षीय जगदीश की मौके पर हालत गंभीर हो गई, जबकि उसका साथी आसिफ भी घायल हो गया। दोनों को तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जगदीश को मृत घोषित कर दिया। वहीं आसिफ का इलाज जारी है।
परिजनों के अनुसार, जगदीश एसी मैकेनिक का काम करता था और आसिफ उसके साथ काम करता था। दोनों काम से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही हाईवे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस वाहन चालक की पहचान और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है.