भूतेश्वर जोन में 11 और वृंदावन जोन में 4 शिकायतें दर्ज, अतिक्रमण, स्ट्रीट लाइट, सफाई व सीवर समस्याओं पर हुई सुनवाई
मथुरा-वृंदावन। उत्तर प्रदेश सरकार की पहल पर प्रत्येक मंगलवार आयोजित होने वाले ‘संभव’ (संतुष्टि एवं समृद्धि) कार्यक्रम के तहत नगर निगम में जनसुनवाई आयोजित की गई। भूतेश्वर मुख्यालय में नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने नागरिकों की शिकायतें सुनीं, जबकि वृंदावन जोन में सहायक नगर आयुक्त नीरज शर्मा एवं सिटी जोन जनरलगंज कार्यालय में अवर अभियंता अजय कुमार ने जनसुनवाई की।
जनसुनवाई के दौरान नगर निगम के सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। अपर नगर आयुक्त सुनीता सिंह ने प्रत्येक शिकायत का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भूतेश्वर जोन में कुल 11 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 4 अतिक्रमण तथा 7 स्ट्रीट लाइट से संबंधित थीं। इनमें से 2 लाइट संबंधी शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं वृंदावन जोन में 4 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 2 सफाई और 2 सीवर सफाई से संबंधित थीं।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।