मथुरा के कोसीकलां में जुगल किशोर ज्वैलर्स शोरूम में हुई करीब 12 करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि चोरी की पूरी साजिश किसी बाहरी गैंग ने नहीं, बल्कि शोरूम के ही पूर्व कर्मचारी ने अपने परिवार के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी विकास उर्फ पप्पू, उसके भाई, मां और बहन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कोसीकलां में रविवार रात जुगल किशोर ज्वैलर्स के शोरूम से 8 से 10 किलो सोना और 12 से 15 लाख रुपये नकद चोरी होने से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की 11 टीमें गठित की गईं। एसएसपी श्लोक कुमार और डीआईजी शैलेश कुमार पांडे स्वयं मौके पर पहुंचे तथा 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
जांच के दौरान पुलिस का शक शोरूम के पूर्व कर्मचारी विकास उर्फ पप्पू पर गया। हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने अपने भाई मोहन के साथ मिलकर कई दिनों से चोरी की साजिश रचने की बात कबूल कर ली। वारदात के बाद चोरी का माल छिपाने में उसकी मां और बहन ने भी पूरा साथ दिया।
मंगलवार शाम 4 बजे आयोजित प्रेस वार्ता में एडीजी एस.के. भगत ने बताया कि शोरूम के प्रोपराइटर वरुण अग्रवाल की सूचना पर तत्काल कार्रवाई की गई। पूछताछ के बाद चारों आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और उनके कब्जे से लगभग 12 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी बरामद कर ली गई। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।