मथुरा में करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुआ नया और आधुनिक रोडवेज बस स्टैंड पिछले चार वर्षों से अपने आधिकारिक उद्घाटन का इंतजार कर रहा है। आईएसबीटी मथुरा बस स्टैंड की इमारत, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय और अन्य सभी आधुनिक सुविधाएं वर्षों पहले पूरी तरह बनकर तैयार हो चुकी हैं, लेकिन अब तक यहां से नियमित बसों का संचालन शुरू नहीं हो पाया है। देखरेख और रखरखाव के अभाव में करोड़ों रुपये की यह सरकारी संपत्ति धीरे-धीरे खंडहर में तब्दील हो रही है। परिसर उजड़ता नजर आ रहा है और भवन की दीवारें भी खराब हो रही हैं।
क्षेत्र में दो सांसद, चार विधायक और तमाम जनप्रतिनिधि होने के बावजूद यह सवाल बना हुआ है कि आखिर जनता के 17 करोड़ रुपये कब काम आएंगे और इस बस स्टैंड का उद्घाटन कब होगा? वर्तमान में यात्रियों को पुराने और अस्थायी इंतजामों के सहारे यात्रा करनी पड़ रही है। हाल के महीनों में मालगोदाम रोड पर अस्थायी बस स्टैंड से बसों के संचालन जैसी व्यवस्था लागू की गई, जिसने नए बस स्टैंड के भविष्य पर और गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी बजट खर्च होने के बाद भी देरी समझ से परे है। जनता ने सरकार और परिवहन निगम से मांग की है कि शीघ्र ही इसका उद्घाटन कर बसों का संचालन शुरू किया जाए।