उत्तर प्रदेश पंचायतीराज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ मथुरा की 14 फरवरी को आयोजित जिला स्तरीय नामांकन एवं निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है।
संघ के पूर्व अध्यक्ष और शिकायतकर्ता राकेश कुमार ने इस पूरे मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग को लेकर जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) मथुरा को एक प्रार्थना पत्र सौंपा है। शिकायतकर्ता राकेश कुमार का आरोप है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान संघ के बायलॉज की पूरी तरह से अनदेखी की गई, जिससे पात्र कर्मचारियों को नामांकन और चुनाव में भाग लेने का समान अवसर नहीं मिल सका।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में 13, 14 और 16 फरवरी को भी लिखित आपत्तियां दर्ज कराई गई थीं, लेकिन अब तक कोई स्पष्ट निष्कर्ष सामने नहीं आया है। सौंपे गए प्रार्थना पत्र में स्वयंभू पदाधिकारियों द्वारा विभागीय अधिकारियों के खिलाफ किए जा रहे पत्राचार और मीडिया में दी जा रही बयानबाजी की भी जांच कराने की मांग की गई है।
इसके अलावा, शिकायतकर्ता ने नामांकन रजिस्टर, आवेदन, नोटिस, उपस्थिति और निर्वाचन अधिकारी की रिपोर्ट की जांच कराने तथा प्रक्रिया दोषपूर्ण पाए जाने पर पारदर्शी तरीके से दोबारा चुनाव कराने की संस्तुति करने की मांग की है।