उत्तर प्रदेश के मथुरा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे 'मिशन शक्ति 5.0' (द्वितीय चरण) के तहत थाना सदर बाजार मिशन शक्ति पुलिस टीम द्वारा महिला सशक्तिकरण और जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।
इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा, गुड टच/बैड टच, उनके अधिकारों तथा महिला संबंधी अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को बताया गया कि बस, रास्तों या सार्वजनिक स्थलों पर मनचलों और शोहदों द्वारा छेड़खानी की घटना होने पर डरने के बजाय तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1090 पर संपर्क करें या थाने जाकर तत्काल एफआईआर दर्ज कराएं। इसके साथ ही व्हाट्सएप, ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानी से उपयोग करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। महिलाओं को यातायात नियमों से अवगत कराते हुए स्वयं नियमों का पालन करने और आसपास के लोगों को जागरूक करने के लिए कहा गया।
इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार की प्रमुख हेल्पलाइन सेवाओं- 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1090 (वीमेन पावर लाइन), 181 (वीमेन हैल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 102 (गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं हेतु एम्बुलेंस), 108 (एम्बुलेंस सेवा), 1098 (चाइल्ड लाइन), 101 (अग्निशमन सेवा) और 1930 (साइबर हेल्पलाइन) की विस्तृत जानकारी दी गई।