मथुरा। मथुरा-अछनेरा रेलखंड पर रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद हेमा मालिनी को आरओबी निर्माण की मंजूरी की जानकारी देते हुए पत्र भेजा है। इस फैसले से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
सांसद हेमा मालिनी लंबे समय से मथुरा लोकसभा क्षेत्र में रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम और यातायात समस्याओं को लेकर केंद्र सरकार के समक्ष यह मांग उठा रही थीं। उनके अनुरोध पर रेल मंत्रालय ने मथुरा-अछनेरा रेलखंड पर आरओबी निर्माण को स्वीकृति प्रदान की है।
आरओबी बनने के बाद रेल फाटक बंद होने के दौरान वाहनों को लंबे इंतजार से राहत मिलेगी। इससे यातायात सुगम होगा, जाम की समस्या कम होगी और क्षेत्र के विकास के साथ लोगों का समय भी बचेगा।
सांसद हेमा मालिनी ने इस मंजूरी के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना मथुरा और आसपास के हजारों लोगों के लिए बड़ी सौगात साबित होगी।