मथुरा। थाना वृंदावन पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार जिला कारागार में निरुद्ध हेमंत उर्फ फौजी (21) पुत्र राधावल्लभ निवासी गौतमपाड़ा को न्यायालय से कस्टडी रिमांड पर लाया गया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर गुरुकुल रोड स्थित खंडहरों के पास छिपाकर रखा गया तमंचा और कारतूस बरामद किया गया।
यह मामला 19 जुलाई 2026 का है, जब आरोपी और उसके साथियों पर एक युवक पर जान से मारने की नीयत से दो फायर करने का आरोप लगा था। गोली पीड़ित की थार गाड़ी में लगी थी, जबकि वह बाल-बाल बच गया था।
तमंचा बरामद होने के बाद पुलिस ने मुकदमे में धारा 3/25/27 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी कर दी है। आरोपी के खिलाफ पहले से एनडीपीएस और अन्य आपराधिक मुकदमे भी दर्ज हैं। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार के नेतृत्व में मथुरागेट चौकी पुलिस ने की।