उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक बेटे ने अपने दोस्त के साथ मिलकर अपने ही पिता की हत्या कर दी। पुलिस जांच में सामने आया कि दूसरी शादी और संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद के कारण बेटे ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई की रात थाना क्वार्सी क्षेत्र के पंजीपुर नाले के पास एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान बादशाह अली (40), निवासी नगला सरूआ, थाना चंडौस, अलीगढ़ के रूप में हुई। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतक के बेटे रिहान और उसके दोस्त समीर को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पूछताछ में आरोपी रिहान ने बताया कि उसके पिता ने उसकी मां के रहते दूसरी शादी कर ली थी और परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि पिता दूसरी पत्नी को घर लाना चाहते थे और संपत्ति भी उसके नाम करने की बात कर रहे थे। इसी बात से नाराज होकर रिहान ने अपने दोस्त के साथ मिलकर पिता की हत्या की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, वारदात वाले दिन रिहान ने अपने पिता को फोन कर बुलाया और दोस्त समीर के साथ सुनसान स्थान पर ले जाकर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद पहचान छिपाने के लिए शव को पंजीपुर नाले के पास फेंक दिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सामान भी बरामद कर लिया है और दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।