छत्तीसगढ़ में आजाद हिंद एक्सप्रेस से जुड़ा एक हैरान कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक ट्रेन के दरवाजे के बाहर लटका दिखाई देता है। इसी दौरान ट्रेन के अंदर मौजूद एक यात्री उसे लात मार देता है, जिससे वह चलती ट्रेन से नीचे गिर जाता है। बताया जा रहा है कि लटका हुआ युवक कथित तौर पर मोबाइल चोरी कर भागने की कोशिश कर रहा था।
घटना उरकुरा-मांडर रेलवे सेक्शन के बीच की बताई जा रही है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद रेलवे पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और लात मारने वाले यात्री आर. सुरेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, ट्रेन से नीचे गिरने वाले कथित मोबाइल चोर की तलाश जारी है। जीआरपी का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और वायरल वीडियो को भी जांच का अहम साक्ष्य बनाया गया है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है। कई लोग यात्री की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि कुछ इसे आत्मरक्षा बता रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं है और मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।