मथुरा के महावन-दाऊजी रोड पर निर्माणाधीन सड़क एक युवक के लिए मौत का रास्ता बन गई। सादाबाद से घर लौट रहे बाइक सवार रामू उर्फ रामकिशोर की सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि नरौली निवासी रामू उर्फ रामकिशोर किसी काम से सादाबाद गया था। हालांकि उसे अगले दिन लौटना था, लेकिन वह देर रात ही बाइक से घर के लिए निकल पड़ा। रात करीब 12 बजे जब वह महावन-दाऊजी रोड से गुजर रहा था, तभी अंधेरे में सड़क किनारे बना गहरा गड्ढा उसे दिखाई नहीं दिया और वह बाइक समेत उसमें जा गिरा।
हादसे के बाद पूरी रात युवक गड्ढे में पड़ा रहा, लेकिन किसी को इसकी जानकारी नहीं हुई। सुबह राहगीरों ने गड्ढे में बाइक और युवक का शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक के पास से मोबाइल फोन मिला। जब पुलिस ने मोबाइल की आखिरी कॉल पर संपर्क किया तो वह मृतक की पत्नी की निकली। इसके बाद युवक की पहचान रामू उर्फ रामकिशोर के रूप में हुई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के बड़े भाई विष्णु कुमार ने आरोप लगाया कि यह हादसा सड़क निर्माण कर रहे ठेकेदार और संबंधित विभाग की घोर लापरवाही का नतीजा है। उनका कहना है कि इतना गहरा गड्ढा खोदने के बावजूद वहां न बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।