वृंदावन के ब्रह्मकुंड स्थित पब्लिक जूनियर हाई स्कूल में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब विद्यालय की छत हैमर से तोड़कर क्षतिग्रस्त मिली। घटना के बाद स्कूल में पढ़ने वाले करीब 90 बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले में प्रधानाचार्य ने कोतवाली वृंदावन में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
विद्यालय के शिक्षक धर्मराज ने बताया कि यह स्कूल वर्ष 1934 से सिंधिया देवस्थान ट्रस्ट की भूमि पर किराए पर संचालित हो रहा है। उन्होंने बताया कि किराए से जुड़ा मामला वर्ष 2022 से न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि इसके बावजूद स्कूल को खाली कराने के लिए पिछले कई महीनों से लगातार दबाव बनाया जा रहा है।
शुक्रवार सुबह जब शिक्षक और कर्मचारी स्कूल पहुंचे तो उन्होंने देखा कि छत में बड़ा छेद किया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, देर रात अज्ञात लोगों ने हैमर से छत तोड़कर उसे क्षतिग्रस्त किया। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों में चिंता का माहौल है।
प्रधानाचार्य ने पुलिस से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, विद्यालय की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और स्कूल का संचालन बिना किसी बाधा के जारी रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।