मथुरा के थाना गोविंद नगर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। बिरला मंदिर पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर बदमाशों ने एक कॉलोनाइजर पर जानलेवा हमला करते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना से इलाके में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
जानकारी के अनुसार, कॉलोनाइजर रवि शर्मा अपने साथियों के साथ कॉलोनी का कार्य समाप्त कर घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे दुष्यंत चौधरी और उसके करीब एक दर्जन हथियारबंद साथियों ने उन्हें घेर लिया और जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि रवि शर्मा और उनके साथियों ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी उनसे लंबे समय से रंगदारी की मांग कर रहे थे और रकम न देने पर इस वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना गोविंद नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी रवि त्यागी ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।