मथुरा में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां खाना खाने जा रहे दो दोस्तों को एक अनियंत्रित ट्रक ने कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घटना थाना जैत क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित चौधरी ढाबे के पास की है। जानकारी के अनुसार वृंदावन के मदन मोहन घेरा निवासी गोपाल शर्मा, जो श्रीजी मेडिकल स्टोर के संचालक थे, शुक्रवार रात अपने मित्र महेश के साथ बाइक से खाना खाने के लिए चौधरी ढाबे जा रहे थे। जैसे ही दोनों ढाबे के समीप पहुंचे, तभी तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि गोपाल शर्मा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि महेश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
मृतक के चाचा मोहनलाल शर्मा ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। परिवार को हादसे की जानकारी तब मिली जब क्षेत्र के कुछ परिचित लोग घटनास्थल से गुजर रहे थे और उन्होंने परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलने पर थाना जैत पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल महेश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर बेलगाम दौड़ते भारी वाहनों की रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
गोपाल शर्मा की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।