Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 20 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
गोवर्धन चौराहे पर फूटी PNG गैस पाइपलाइन, रिसाव से मची अफरा-तफरी

मथुरा के व्यस्त गोवर्धन चौराहे पर उस समय हड़कंप मच गया जब जेसीबी से खुदाई के दौरान पीएनजी (PNG) गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें तेज गैस रिसाव शुरू हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गैस का दबाव इतना अधिक था कि रिसाव के साथ हवा में धूल का बड़ा गुबार दिखाई देने लगा। स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और संबंधित विभागों को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर गोवर्धन चौराहे को खाली कराकर यातायात को डायवर्ट कर दिया। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर तैनात कर दी गई।

बताया जा रहा है कि नगर निगम द्वारा चौराहे पर पोल लगाने के लिए जेसीबी से गहरा गड्ढा खुदवाया जा रहा था। इसी दौरान लापरवाहीवश भूमिगत पीएनजी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई और गैस का रिसाव शुरू हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही टोरंटो गैस की आपदा राहत टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया। काफी देर की मशक्कत के बाद गैस रिसाव को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि खुदाई से पहले भूमिगत पाइपलाइन और अन्य सेवाओं की जानकारी नहीं ली गई, जिसके चलते यह हादसा हुआ। वहीं घटना के बाद खुदाई कार्य में लगे कुछ कर्मचारी मौके से चले गए।

फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और संबंधित एजेंसियां पाइपलाइन की मरम्मत में जुटी हुई हैं। गनीमत रही कि समय रहते राहत और बचाव कार्य शुरू हो जाने से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

Previous News

पत्रकारों को अपनी साख बचाने की चुनौती, समस्याएं मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे: मंत्री मनोज कुमार पांडेय

Next News

मथुरा जंक्शन के नवागत स्टेशन डायरेक्टर सुनील शर्मा का भव्य स्वागत, एनसीआरएमयू ने दी शुभकामनाएं